
चंपावत। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर जिला सभागार में आयोजित राज्योत्सव में राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों को सम्मानित कर उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन भी किया गया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी और जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित अतिथियों ने राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में आंदोलनकारी जिला अध्यक्ष बसंत सिंह तड़ागी और शंकर पांडे भी शामिल रहे। आंदोलनकारियों श्याम नारायण पांडे और नवीन मुरारी ने राज्य निर्माण के संघर्ष के अनुभव साझा करते हुए नई पीढ़ी से राज्य के इतिहास और मूल उद्देश्यों को समझने की अपील की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालयी छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान पांच प्रगतिशील किसानों को कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। पशुपालन विभाग की ओर से मुकेश सिंह बोहरा को गौपालन के लिए 36 हजार रुपये की सहायता दी गई। जीवनी देवी और रश्मि पांडे को बकरी पालन योजना के तहत 35 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
जनसेवा में जुटे कर्मचारियों को भी सम्मान मिला। इनमें यूपीसीएल के दो लाइनमैन, 10 पर्यावरण मित्र, तीन पंप ऑपरेटर और पांच गैंगमैन शामिल रहे। मुख्यमंत्री बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित बालिका माया कांडपाल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप उपहार दिए गए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, चिकित्सा, बाल विकास, ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्योग और अन्य विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने और ग्रामीण स्तर पर विभागीय सेवाओं का लाभ सुलभ कराने को कहा। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री सुभाष बगौली, रोहित बिष्ट, हेमा जोशी, किरन देवी, मनोज कालाकोटी, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।















