नैनीताल समारोह में अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों का प्रदर्शन
नैनीताल। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नैनीताल के डीएसए मैदान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
समारोह में उपस्थित लोगों ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और उत्तराखण्ड राज्य निर्माण आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया। प्रदेश की निरंतर उन्नति और समृद्धि की कामना भी की गई।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण हिमालयन फूड फेस्टिवल रहा। इसमें पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के साथ स्थानीय पहाड़ी दलहन और अन्य उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी, एसएसपी, एसपी संचार आर.डी. मठपाल सहित अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने स्टॉलों का अवलोकन किया, स्थानीय उत्पादों की खरीदारी की और पहाड़ी व्यंजनों का आनंद लिया।
नैनीताल पुलिस की अग्निशमन इकाई सहित विभिन्न विभागों ने भी अपने स्टॉल लगाए। अग्निशमन टीम ने सुरक्षा उपकरणों की उपयोगिता और उनके सही इस्तेमाल के बारे में जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नैनीताल प्रतीक जैन, सीओ भवाली विनय सिंह, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत, अग्निशमन इकाई मल्लीताल के प्रभारी सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।













