
कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की कीमतों को लेकर केंद्र सरकार की ओर से मरीजों को राहत देने वाली जानकारी सामने आई है। राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) के तहत 1,364 एंटी-कैंसर फॉर्मूलेशन की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमतें (MRP) सोमवार, 9 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई हैं। यह जानकारी केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के औषध विभाग ने प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के माध्यम से जारी की।
679 ब्रांडों की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी
PIB के अनुसार 8 नवंबर तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 फॉर्मूलेशन की संशोधित कीमतों की जानकारी दी थी। इनमें 679 ब्रांड ऐसे हैं जिनकी कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी दर्ज की गई है। रिपोर्ट की गई अधिकतम कमी 96.45 प्रतिशत तक है।
सालाना 3,540 करोड़ रुपये से अधिक की बचत का अनुमान
सरकारी अनुमान के मुताबिक कीमतों में इस बदलाव से उपभोक्ताओं को सालाना करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत हो सकती है। यह कदम कैंसर के उपचार पर होने वाले खर्च को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दवा की नई कीमत कैसे जांचें?
मरीज और उनके परिजन दवा के पैक पर छपी संशोधित MRP देख सकते हैं। इसके अलावा NPPA की Pharma Sahi Daam मोबाइल ऐप या आधिकारिक वेबसाइट nppa.gov.in पर दवाओं की कीमत जांची जा सकती है। PIB के मुताबिक कोई केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी संशोधित MRP से अधिक कीमत नहीं वसूल सकती।
यदि किसी दवा की बिक्री में संशोधित MRP से अधिक राशि ली जाती है या कीमत से जुड़ी अन्य शिकायत है, तो उपभोक्ता Pharma Jan Samadhan पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। NPPA की हेल्पलाइन 1800-111-255 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
स्रोत: प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB), औषध विभाग, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय। यह प्रतिनिधि चित्र है।







