
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार, 11 नवंबर 2026 को प्रातः 08:30 बजे पूर्ण वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान, पूजा-अर्चना और धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए विधिवत बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की श्री केदारनाथ धाम यात्रा का समापन हो गया।

कपाट बंद होने की प्रक्रिया तड़के प्रातः 04:00 बजे विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। निर्धारित परंपराओं के अनुसार सभी वैदिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके बाद शुभ मुहूर्त में सुबह 08:30 बजे मंदिर के कपाट बंद किए गए। इस पावन अवसर पर पूरा धाम बाबा केदार के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, मंदिर समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी अवनी तिवारी, चौकी प्रभारी केदारनाथ मुकेश डिमरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु मौजूद रहे।


कपाट बंद होने के पश्चात भगवान श्री केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया। डोली के धाम से रवाना होते समय श्रद्धालुओं ने भावुक मन से बाबा केदार के जयकारे लगाकर विदाई दी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु डोली के साथ धाम से रवाना हुए।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 नवंबर को बाबा केदार की डोली का प्रथम रात्रि प्रवास रामपुर में रहेगा। 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवंबर को अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। वहां धार्मिक परंपराओं एवं विधि-विधान के अनुसार भगवान श्री केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना प्रारंभ होगी।


आगामी छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में संपन्न होंगे। इस अवधि में श्रद्धालु ऊखीमठ पहुंचकर बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल पर दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।










