
रुद्रप्रयाग। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों, पहली बार मतदान करने वाले युवाओं तथा नए मतदाताओं को सूची में शामिल करने के लिए विशेष मतदाता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने बुधवार को संबंधित अधिकारियों एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
जिलाधिकारी ने बताया कि 8 से 10 अक्टूबर तक बूथों एवं मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बीएलओ, बीएलए-2 एवं बीएजी के माध्यम से पात्र मतदाताओं का सत्यापन तथा नामांकन संबंधी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर जाकर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान निर्वाचन कार्मिक पात्र नागरिकों की जानकारी का सत्यापन करने के साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों को आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी देंगे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल किया जाए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान में सहयोग की अपील की, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित न रहे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, प्रधान सहायक बाल विकास महेश्वर भट्ट, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निर्वाचन उदयवीर बर्थवाल, कनिष्ठ सहायक संजय सिंह, सीपीआईएम जिला सचिव मंडल सदस्य नरेंद्र सिंह रावत, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुरेंद्र लाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







