
रुद्रप्रयाग। मानसून के दौरान केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर जनपद में सभी आपदा प्रबंधन टीमें सक्रिय हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवाड़ ने बताया कि लगातार बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पहाड़ियों से बोल्डर एवं पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कुछ स्थानों पर मार्ग अस्थायी रूप से प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरे केदारनाथ पैदल मार्ग पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ, वाईएमएफ तथा न्यू टास्क फोर्स की तैनाती की गई है। इन टीमों की निगरानी में यात्रा सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। गौरीकुंड, चिरबासा, भीमबली, लिनचोली, बड़ी लिनचोली सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार निगरानी रख रही हैं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी हैं।
जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें तथा यात्रा के दौरान केवल प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियों के निर्देशों के अनुसार ही आगे बढ़ें, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।





