
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से आए प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया और प्रदेश की विकास यात्रा में उनके योगदान की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव हैं। वे देश-दुनिया में जहां भी रहते हैं, वहां उत्तराखण्ड की संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों के सशक्त संवाहक बने रहते हैं। उनके अनुभव, प्रतिभा, विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार से राज्य के विकास को नई दिशा मिल सकती है।
उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी भाषा, बोली, लोकगीतों, लोकनृत्यों और परंपराओं से जोड़ना जरूरी है। प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी अगली पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ देवभूमि की विशिष्ट पहचान को देश-दुनिया में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए प्रवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी अपने ज्ञान और अनुभव का लाभ राज्य के युवाओं, उद्यमियों तथा स्थानीय समुदायों तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री ने पैतृक गांवों से जुड़े रहने और उनके विकास में योगदान देने की अपील की। अपने गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार, स्थानीय आजीविका के अवसर बढ़ाने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में सहायक होंगे।

रात्रिभोज के अवसर पर उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों ने देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को जीवंत किया। मां नंदा देवी की धार्मिक-सांस्कृतिक महत्ता और नंदा राजजात पर आधारित विशेष प्रस्तुति ने अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं आस्था के साथ सामाजिक एकता, सामूहिकता और सांस्कृतिक गौरव की प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन लोकसंस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद करते हैं। राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वे प्रदेश के साथ आत्मीय जुड़ाव बनाए रखेंगे और विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में सक्रिय योगदान देते रहेंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री सतपाल महाराज, श्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री मोहन सिंह बिष्ट, विधायक श्री किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष श्री प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव श्री सुधांश पंत, अभिनेत्री श्रीमती हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुश्री चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव श्री आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







