
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में नैनीताल पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब छह घंटे के भीतर सभी नामजद आरोपियों को पकड़ लिया।
पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि चार युवक बच्ची को डराकर और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले गए और उसके साथ अपराध किया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शहर में चर्चित आईटीआई गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं।
एसएसपी ने पुलिस कार्रवाई की स्वयं निगरानी की और स्पष्ट किया कि महिलाओं तथा बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। पुलिस ने पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी है और मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।







