बीएचईएल स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव में एक्सेल पुरस्कार वितरण
हरिद्वार। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) ने राष्ट्रसेवा में 62 वर्ष समर्पित करने के उपलक्ष्य में स्थापना दिवस एवं उत्कृष्टता उत्सव का भव्य आयोजन किया। समारोह में केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात राज्य मंत्री भूपतिराजु श्रीनिवास वर्मा ने कंपनी के प्रतिभावान कर्मचारियों को एक्सेल पुरस्कार प्रदान किए।

कार्यक्रम में इस्पात एवं भारी उद्योग सचिव संदीप पौण्डरीक, अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार निगार फातिमा हुसैन, भारी उद्योग संयुक्त सचिव विजय मित्तल, बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. सदाशिव मूर्ति, निदेशकगण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, पूर्व अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, पूर्व निदेशक तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
राज्य मंत्री ने कहा कि वर्ष 1964 में स्थापना के बाद से बीएचईएल की यात्रा दृढ़ता, इंजीनियरिंग उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की मिसाल रही है। देश की स्थापित ताप विद्युत क्षमता में आधे से अधिक हिस्सेदारी बीएचईएल द्वारा निर्मित सेटों की है। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मंत्री और सचिव ने बीएचईएल की विभिन्न इकाइयों के 131 कर्मचारियों की 25 टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। इनमें सर्वांगीण उत्कृष्टता, तकनीकी प्रकाशन, अनुसंधान एवं विकास, ग्राहक संतुष्टि, उत्पादकता, पर्यावरण संरक्षण और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान शामिल रहे। प्रत्येक टीम सदस्य को प्रमाण पत्र, पदक एवं प्रशस्ति पत्र तथा टीम को नकद पुरस्कार दिया गया।
सचिव संदीप पौण्डरीक ने राष्ट्र निर्माण में बीएचईएल के योगदान की सराहना करते हुए विनिर्माण उत्कृष्टता, व्यावसायिक रूप से उपयोगी अनुसंधान एवं विकास तथा प्रभावी ज्ञान हस्तांतरण पर ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत ऑर्डर बुक ग्राहकों के विश्वास को दर्शाती है, साथ ही समयबद्ध निष्पादन की चुनौती भी प्रस्तुत करती है।

बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के. सदाशिव मूर्ति ने कहा कि कंपनी ने मजबूत ऑर्डर बुक के आधार पर उत्साहजनक प्रदर्शन किया है। उन्होंने क्षमता निर्माण, मूल व्यवसाय और विविधीकृत सामरिक क्षेत्रों में उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों को बीएचईएल की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि एक्सेल पुरस्कार लागत और साइकल टाइम में कमी, सामग्री की बचत तथा गुणवत्ता सुधार जैसे उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देते हैं। समारोह में कर्मचारियों और उनके बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।







