सांकेतिक चित्र
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा के सभापति सी. पी. राधाकृष्णन ने उनका इस्तीफा 14 नवंबर 2026 से प्रभावी मानते हुए स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में उनकी सदस्यता समाप्त हो गई है।
हरदीप सिंह पुरी हाल ही में मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। पांच नवंबर को हुए उपचुनाव में अन्य उम्मीदवारों के नामांकन पत्र जांच के दौरान खारिज होने के बाद वह अकेले उम्मीदवार रह गए थे। इसके बाद उन्हें मध्य प्रदेश से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

राज्यसभा सचिवालय की अधिसूचना के अनुसार, पुरी ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले निर्वाचित सदस्य के रूप में अपना त्यागपत्र दिया था, जिसे सभापति ने 14 नवंबर 2026 से मंजूर कर लिया। उनका उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य के रूप में कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होना था।
पुरी को मध्य प्रदेश की उस राज्यसभा सीट से निर्वाचित किया गया है, जो पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी। मध्य प्रदेश से उनका नया कार्यकाल दो अप्रैल 2030 तक रहेगा।
हरदीप सिंह पुरी केंद्र सरकार में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हैं। उत्तर प्रदेश की सीट से इस्तीफा स्वीकार होने के बाद अब वह राज्यसभा में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।







