फिल्म रामायण का पोस्टर
लेख | डॉ. ओ.पी. मिश्र
राम के भव्य चित्रण की नहीं, आदर्शों की आवश्यकता है
भारतीय जनमानस में प्रभु श्रीराम के प्रति अद्भुत आस्था है। यह आस्था इतनी गहरी है कि भारत के लोग राम का किरदार निभाने वाले कलाकार के सार्वजनिक रूप से पैर छूने में भी संकोच नहीं करते। यही आस्था कभी सरकार बना देती है, तो जब लोगों की भावनाएं आहत होती हैं, तब राजनीतिक दलों को उसका खामियाजा भी भुगतना पड़ सकता है। चंदा चोरी को लेकर हिंदू जनमानस की भावनाएं आहत होने की चर्चा के बीच देखना होगा कि 2027 के चुनाव में भगवान राम किस रूप में राजनीतिक विमर्श में उपस्थित होते हैं।
रामानंद सागर की रामायण के राम यानी अरुण गोविल और इस समय चर्चा में आई नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म के राम यानी रणबीर कपूर—इन दोनों प्रस्तुतियों की तुलना स्वाभाविक है। पिछले रविवार को मैं भी अपने एक सहयोगी के साथ रामायण देखने गया था। यकीनन 1987 में बनी रामानंद सागर की धारावाहिक रामायण ऐसी थी, जो चौराहों को खामोश कर देती थी। लोग अपना सारा काम छोड़कर टीवी के सामने बैठ जाते थे। महिलाएं टीवी की आरती उतारती थीं और फूल-मालाएं चढ़ाती थीं।
इसके मुकाबले नितेश तिवारी की रामायण में यथार्थ का अभाव और कलात्मकता का स्पष्ट प्रभाव देखने को मिला। उस रामायण और इस रामायण की तुलना करनी हो तो मैं यही कहूंगा कि तमाम भव्यता पर सादगी हावी रही। राम को पर्दे पर दिखाना आसान है, किंतु राम के आदर्शों के अनुरूप समाज का निर्माण कर पाना निश्चित ही मुश्किल है। जो लोग राम को भव्य मंदिर में लाने और उंगली पकड़कर टहलाने की बात करते रहे, वे राम के आदर्शों वाला समाज बनाने में सफल नहीं हो पाए।
भारतीय समाज में राम केवल एक धार्मिक चरित्र नहीं, बल्कि मर्यादा, त्याग, आदर्श, परिवार, पारिवारिक जिम्मेदारी और सामाजिक नैतिकता के प्रतीक हैं। ऐसे में 2026 की नई रामायण का जिक्र करें, जिसका पहला भाग अभी आया है, तो पता चलता है कि नितेश तिवारी ने इसे आधुनिक सिनेमाई तकनीक, विशाल सेट, अंतरराष्ट्रीय स्तर के विजुअल इफेक्ट और बड़े कलाकारों के माध्यम से प्रस्तुत किया है।
रामानंद सागर की रामायण के राम यानी अरुण गोविल, जो मेरठ से भाजपा सांसद भी हैं, इस नई फिल्म में राम के रूप में नहीं, बल्कि राजा दशरथ के रूप में दिखाई देते हैं। फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण इसका दृश्य विस्तार है। लंका, देवताओं, असुरों और पौराणिक संसार को आधुनिक तकनीक से जीवंत करने का प्रयास किया गया है, ताकि नई पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी, इस कथा से जुड़ सके।
लेकिन यहां एक सवाल उठता है कि क्या किसी पौराणिक कथा की महानता उसके विजुअल इफेक्ट और बजट से निर्धारित होती है? मेरे विचार से इसका उत्तर नहीं है। रामानंद सागर की रामायण में अरुण गोविल का अभिनय अत्यंत सहज और मर्यादित था। उनका चेहरा, संवाद और व्यवहार राम के पारंपरिक आदर्श स्वरूप के अनुरूप दिखाई देता था। नई फिल्म में रणबीर कपूर ने राम के चरित्र को गंभीरता और संयम के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास जरूर किया है, लेकिन वह बात नहीं आ पाई।
जहां तक मैं समझ पा रहा हूं, सबसे बड़ा अंतर भावना बनाम प्रदर्शन का है। रामानंद सागर की रामायण में तकनीकी कमियां थीं और युद्ध के दृश्य सीमित थे, लेकिन उस प्रस्तुति में भावनात्मक जुड़ाव था। दर्शक राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान को केवल कलाकारों के रूप में नहीं देखते थे। दूसरी ओर आधुनिक रामायण दर्शकों को एक भव्य पौराणिक संसार में ले जाने का प्रयास करती है। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि भव्यता और भावनात्मक गहराई दोनों अलग-अलग चीजें हैं।
आज राम भारतीय राजनीति के सबसे प्रभावशाली सांस्कृतिक प्रतीकों में शामिल हैं और भाजपा इन्हें अपनी राजनीतिक पहचान का हिस्सा मानती है। इसलिए जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अयोध्या जाकर प्रभु राम के दर्शन की बात कही तो भाजपा और सत्ता प्रतिष्ठान की ओर से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। इसे इस रूप में देखा गया कि सनातनी हिंदू समाज में अपनी राजनीतिक पकड़ बनाए रखने की कोशिश हो रही है।
वैसे मेरा मानना है कि रामायण अथवा राम को किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं बनाया जाना चाहिए। राम का चरित्र किसी पार्टी, सरकार या चुनाव से कहीं बड़ा है। नई फिल्म का एक सकारात्मक पक्ष यह है कि वह युवा पीढ़ी को रामायण की कथा से जोड़ सकती है। आज के जेन-जी और जेन-अल्फा आधुनिक दृश्य माध्यमों से अधिक प्रभावित होते हैं।
अंततः राम की महत्ता उनके भव्य चित्रण में नहीं, बल्कि उन आदर्शों में है जिन्हें वे अपने जीवन से स्थापित करते हैं। यदि समाज मर्यादा, त्याग, संवेदना, पारिवारिक जिम्मेदारी और नैतिकता को अपने व्यवहार में उतार सके, तभी रामायण का संदेश सार्थक होगा।
लेखक परिचय: डॉ. ओ.पी. मिश्र लखनऊ के वरिष्ठ समीक्षक एवं लेखक हैं।






