
पिथौरागढ़। सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को जागरूक करने और यातायात नियमों के पालन का संदेश देने के उद्देश्य से पिथौरागढ़ पुलिस की ओर से रविवार, 15 नवम्बर 2026 को भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। सीमांत जनपद में आयोजित इस मैराथन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित लगभग 1,600 से 1,700 प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
महापौर ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारम्भ
कार्यक्रम का शुभारम्भ महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशीष भटगाई और पुलिस अधीक्षक श्री अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल, सेवानिवृत्त सैनिक संगठन तथा विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

आयु वर्ग के अनुसार हुई 5 और 12.5 किलोमीटर की दौड़
प्रतिभागियों की आयु के अनुसार मैराथन को दो श्रेणियों में आयोजित किया गया। 16 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिकाओं तथा 45 वर्ष से अधिक आयु के महिला-पुरुषों के लिए 5 किलोमीटर की दौड़ रखी गई, जबकि 16 से 45 वर्ष तक के प्रतिभागियों के लिए 12.5 किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई थी।


प्रतिभागियों को दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ
इस दौरान महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल ने उपस्थित प्रतिभागियों और आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। आयोजन के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने और सड़क पर स्वयं के साथ दूसरों के जीवन की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया।


पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्री ललित मोहन जोशी, निरीक्षक श्री सतीश शर्मा, प्रभारी निरीक्षक एसओजी श्री नीरज भाकुनी, प्रतिसार निरीक्षक श्री नरेश चन्द्र जखमोला, थानाध्यक्ष जाजरदेवल श्री प्रकाश पाण्डेय, उपनिरीक्षक श्रीमती ऊषा देव, एएसआई (एम) श्री चन्द्रशेखर, एएसआई (एम) श्री मनोज कार्की और अपर उपनिरीक्षक यातायात श्री गोविन्द कोश्यारी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पिथौरागढ़ पुलिस की अपील: सड़क पर सुरक्षित चलें, यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित बनाएं। याद रखें, आपकी सावधानी ही आपकी सुरक्षा है।







