
पौड़ी गढ़वाल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्रदेश में जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न पेंशन योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान अप्रैल से अक्टूबर तक समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 2,698 नए लाभार्थियों को जोड़ा गया है।
वृद्धावस्था पेंशन में 2,307 नए लाभार्थी
विभागीय आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 2,307, किसान पेंशन योजना के अंतर्गत 191 तथा दिव्यांग पेंशन योजना के माध्यम से 200 लाभार्थियों को पेंशन का लाभ मिला। इन योजनाओं के जरिए पात्र व्यक्तियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनके जीवनयापन में सहयोग और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

पात्र व्यक्ति का आवेदन लंबित न रहे: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पेंशन योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। किसी भी पात्र व्यक्ति का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और स्वीकृत लाभार्थियों को निर्धारित समय पर पेंशन का भुगतान किया जाए। उन्होंने योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार तथा पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि समयबद्ध भुगतान के साथ पात्रता के अनुरूप नए लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। विभाग का प्रयास है कि पेंशन संबंधी प्रक्रिया सरल और सुगम रहे, ताकि समाज के अंतिम छोर पर खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।





