लोहाघाट में पूरन सिंह फर्त्याल की रैली
लोहाघाट। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में टिकट के दावेदारों की सक्रियता तेज हो गई है। पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने भाजपा में शामिल होने के 20 वर्ष पूरे होने पर सोमवार को लोहाघाट नगर में रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। रामलीला मैदान में पूर्व ब्लॉक प्रमुख रूप सिंह बोरा की अध्यक्षता और शांभवी मुरारी, नवीन बोरा व हरीश मुरारी के संचालन में सभा हुई।

सभा को संबोधित करते हुए फर्त्याल ने विधायक के रूप में अपने 10 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में लोहाघाट को नगर पालिका का दर्जा मिला, चिकित्सालय को उप जिला चिकित्सालय बनाया गया, स्टेडियम का निर्माण हुआ, सड़कों का जाल फैला और कोलीढेक झील का निर्माण कराया गया। उन्होंने कहा कि इस दौरान वे हमेशा आम लोगों के बीच रहे।
कांग्रेस विधायक पर लगाए आरोप, अपनी दावेदारी जताई
फर्त्याल ने कांग्रेस विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने उपलब्धियों का पिटारा सौंपा था, लेकिन वर्तमान विधायक न तो जनसंपर्क कर पाए और न ही लोगों की अपेक्षाओं पर खरे उतरे। उन्होंने विधायक निधि के दुरुपयोग सहित कई आरोप भी लगाए। लोहाघाट सीट से अपनी दावेदारी जताते हुए उन्होंने दावा किया कि वही आम लोगों के हित में काम कर सकते हैं।

इस अवसर पर पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश करायत, ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक, पाटी नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण लाल, राजेश बिष्ट, सुमित और सभी मंडलों के अध्यक्ष मौजूद रहे। रैली में लोग भाजपा के झंडे और भगवा टोपी लेकर पहुंचे, हालांकि पार्टी के जिला पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही।





