पशुपालकों की संघर्ष समिति की बैठक
लोहाघाट। दूध का उचित दाम न मिलने और बढ़ती लागत से परेशान पशुपालकों ने अब आंदोलन का ऐलान कर दिया है। सुई स्थित आदित्य महादेव मंदिर में हुई गौपालक/पशुपालक संघर्ष समिति की बैठक में लगभग 150 पशुपालकों ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि 25 नवंबर को आंचल दुग्ध संघ चम्पावत में तालाबंदी की जाएगी। समिति ने कहा कि मांगें माने जाने तक आंदोलन जारी रहेगा।

बैठक में महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग सभी वर्गों के पशुपालक शामिल हुए और उन्होंने खुलकर अपनी पीड़ा रखी। पशुपालकों ने कहा कि चारा और दवाइयां महंगी हो गई हैं और दूध का दाम नहीं बढ़ा तो गाय-भैंस पालना छोड़ना पड़ेगा। सरकार की उदासीनता को लेकर पशुपालकों में भारी आक्रोश दिखा।
गाय के दूध का 61 और भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति किलो दाम मांगा
समिति की प्रमुख मांगों में हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों की तर्ज पर गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपये और भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति किलो करना शामिल है। पशुपालकों का कहना है कि मौजूदा दाम पर लागत भी नहीं निकल पा रही। इसके अलावा पशु आहार और साइलेज पर 75 प्रतिशत सब्सिडी देने और प्रोत्साहन राशि 50 पैसे से बढ़ाकर 2 रुपये प्रति किलो करने की मांग की गई है।
पशुपालकों ने कहा कि वे सुबह चार बजे उठकर मेहनत करते हैं, लेकिन उन्हें मेहनत का पूरा दाम नहीं मिलता। उनका सवाल है कि अगर हिमाचल में 61 रुपये दिए जा सकते हैं, तो चम्पावत के पशुपालकों को क्यों नहीं।
मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
समिति ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी के खिलाफ नहीं, बल्कि अपने हक के लिए है। 25 नवंबर की तालाबंदी शांतिपूर्ण लेकिन निर्णायक होगी। समिति ने जिले के सभी पशुपालकों से उस दिन अधिक से अधिक संख्या में दुग्ध संघ चम्पावत पहुंचने की अपील की है।






