वन्यजीवों के संवेदनशील क्षेत्रों का सांकेतिक चित्र
देहरादून, 22 नवंबर। जिले में मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते टकराव को रोकने के लिए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों की पहचान, निगरानी और त्वरित प्रतिक्रिया की कार्ययोजना पर जोर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार में हुई बैठक में पिछले वर्षों की घटनाओं का क्षेत्रवार विश्लेषण कर हॉटस्पॉट डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन के अनुसार वर्ष 2017 से अब तक जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में 35 लोगों की मौत दर्ज की गई है। इनमें हाथी के हमले से 10, गुलदार के हमले से 11, सांप के काटने से 13 और भालू के हमले से एक व्यक्ति की मृत्यु शामिल है।
बैठक में हाथी, गुलदार, बाघ, भालू और सांपों की आवाजाही वाले इलाकों को चिह्नित करने, वन विभाग की गश्त बढ़ाने और क्विक रिस्पॉन्स टीम को मजबूत करने पर जोर दिया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में कैमरा ट्रैप, निगरानी कैमरे और अर्ली वार्निंग सिस्टम के उपयोग की तैयारी की जाएगी।
जंगल से सटे गांवों में सोलर लाइट, झाड़ियों की कटाई और कचरे का उचित निस्तारण भी कार्ययोजना का हिस्सा होगा, ताकि वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आकर्षित न हों। स्थानीय लोगों को टॉर्च, लाठी और लाउड हेलर जैसे सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
वन्यजीव संघर्ष अथवा वनाग्नि से संबंधित सूचना के लिए 1926 हेल्पलाइन के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। प्रशासन का लक्ष्य जोखिम वाले इलाकों की पहले से पहचान कर लोगों की सुरक्षा और विभागीय प्रतिक्रिया को बेहतर बनाना है।





