
हरिद्वार। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त में संलिप्त गिरोह का पर्दाफाश करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक 15 नवंबर 2026 को बौंगला तिराहे के पास संदिग्धों के आने की सूचना पर घेराबंदी की गई। मौके से दो संदिग्धों को पकड़ा गया, जबकि मुकुल पाल गन्ने के खेत में भाग गया और पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हुआ।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने कुल चार आरोपियों को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से .32 बोर की पांच पिस्टल, .315 बोर का एक तमंचा, सात जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए जाने की जानकारी दी गई है।
पुलिस ने मुकुल पाल, भूपेन्द्र, विशाल कुमार और प्रशांत कुमार के विरुद्ध आयुध अधिनियम तथा संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की है। पुलिस के अनुसार मुकुल पाल के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109(1) भी लगाई गई है।
कार्रवाई में कोतवाली बहादराबाद पुलिस और सीआईयू रुड़की की टीमें शामिल रहीं।





