
हरिद्वार, 09 सितम्बर: बीएचईएल हरिद्वार ने न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) की कैगा परियोजना के लिए, 700 मेगावाट क्षमता वाले टर्बो जनरेटर स्टेटर का सफलतापूर्वक निर्माण कर उसे डिस्पैच किया। एनपीसीआईएल के एसोसिएट डायरेक्टर श्री विवेक अग्रवाल ने, बीएचईएल हरिद्वार के महाप्रबंधक श्री दिनेश सिंह, श्री एन. एस. राणा तथा श्री कपिल यादव की उपस्थिति में, हरी झंडी दिखाकर स्टेटर को रवाना किया।
इस अवसर पर श्री विवेक अग्रवाल ने स्टेटर की सफल आपूर्ति के लिए बीएचईएल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने बड़े एवं जटिल कंपोनेंट का सफल निर्माण और डिस्पैच, न्यूक्लियर पावर के क्षेत्र में बीएचईएल की तकनीकी दक्षता एवं उन्नत विनिर्माण क्षमताओं का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि बीएचईएल देश के घरेलू न्यूक्लियर एनर्जी कार्यक्रम में एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उल्लेखनीय है कि पूर्णतः स्वदेशी तकनीक से विकसित यह टर्बो जनरेटर स्टेटर उच्च तापमान एवं चुनौतीपूर्ण ग्रिड परिस्थितियों में भी, अधिकतम दक्षता के साथ विद्युत उत्पादन में सक्षम है। अत्याधुनिक सिमुलेशन एवं टेस्टिंग क्षमताओं के बल पर विकसित यह स्टेटर, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप परीक्षणों में सफल रहा है तथा ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की भावना का प्रतीक है।
यह उपलब्धि महंगे विदेशी उपकरणों के आयात एवं विदेशी मुद्रा व्यय को कम करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।



