
चम्पावत। जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 120 आवेदन प्राप्त हुए। मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह ने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चम्पावत में दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं पर सुनवाई, मौके पर बने 11 आयुष्मान कार्ड
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न और दूरस्थ क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएँ रखीं। सोलर लाइट, फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ व चेनलिंक फेंसिंग, प्रधानमंत्री आवास, सुरक्षा दीवार, आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, पशुपालन, सड़क और पेयजल से जुड़े मामले प्रमुखता से सामने आए।
ग्राम सिमल्टा फुंगर के ललित मोहन पाण्डेय ने आपदा से क्षतिग्रस्त मकान की सुरक्षा के लिए दीवार निर्माण की मांग की। दूधपोखरा के कैलाश गिरी ने आंगनबाड़ी केंद्र की चाहरदीवारी और शौचालय की मरम्मत, बगेड़ी के प्रकाश राम ने राशन कार्ड तथा गोसनी के हिमांशु परिध्यानी ने सोलर लाइट लगाने का आवेदन दिया।
ग्राम सल्ली की प्रधान संगीता रावत ने इंटर कॉलेज के सीसी मार्ग पर रेलिंग लगाने और विद्यालय की पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत की मांग रखी। छतकोट की मीना भट्ट ने फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ तथा प्रकाश भट्ट ने आर्थिक सहायता के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
सीडीओ ने कहा कि जनता मिलन का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि प्रभावी समाधान कर लोगों को समय पर राहत पहुँचाना है। उन्होंने अधिकारियों को कार्रवाई का नियमित फॉलोअप करने और शिकायतकर्ताओं को निस्तारण की स्थिति बताने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान 11 लाभार्थियों के मौके पर आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।
इस अवसर पर एपीडी विम्मी जोशी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए अंकित आर्य एवं अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






