
गैरसैंण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में जनपद चमोली की 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में पेयजल, सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया है।
197.87 करोड़ की 6 योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ की 6 योजनाओं का लोकार्पण
पेयजल, सड़क, शिक्षा, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस अवस्थापना से जुड़ी योजनाएं शामिल
मुख्यमंत्री ने 122.69 करोड़ रुपये की लागत से गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इसके अतिरिक्त कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में 50 करोड़ 18 लाख 68 हजार रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्यों का शिलान्यास किया गया।
इसी क्रम में 12 करोड़ 16 लाख 64 हजार रुपये की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण और 22 लाख 75 हजार रुपये की लागत से राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके अलावा 6 करोड़ 99 लाख 20 हजार रुपये की लागत से कुमोली रैवान मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से फरखण्डे मोटर मार्ग तथा 5 करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपये की लागत से गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्ग के किलोमीटर दो से कुमोली रैवान मोटर मार्ग से संबंधित कार्यों का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुई छह विकास योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें 14 करोड़ 82 लाख 32 हजार रुपये की लागत से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग (बछुवाबाण-चौखुटिया) के उच्चीकरण का कार्य शामिल है। इसके साथ ही 4 करोड़ 37 लाख 86 हजार रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में निर्मित ऑडिटोरियम भवन का लोकार्पण किया गया।
इसके अतिरिक्त 4 करोड़ 3 लाख 41 हजार रुपये की लागत से सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के किलोमीटर छह से 11 तक सुधार एवं डामरीकरण कार्य तथा 2 करोड़ 17 लाख 98 हजार रुपये की लागत से कारगिल शहीद रणजीत सिंह (आगर-जिनगोड़) मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से आठ तक सुधार, डामरीकरण एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया।
गैरसैंण में पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्मित दो भवनों का भी लोकार्पण किया गया। इनमें 4 करोड़ 37 लाख 70 हजार रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4 करोड़ 24 लाख 88 हजार रुपये की लागत से निर्मित थाना गैरसैंण भवन शामिल हैं।
इन विकास योजनाओं से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। रामगंगा नदी पर प्रस्तावित बांध से पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, जबकि बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा संबंधी कार्य स्थानीय आबादी की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। सड़क मार्गों के सुधार और उच्चीकरण से आवागमन सुगम होगा। वहीं, शिक्षण संस्थानों के भवन और पुलिस एवं अग्निशमन सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र की शैक्षिक तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।







