
देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए बुधवार को डोईवाला के खेरी रोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने बिना वैधानिक स्वीकृति के विकसित की जा रही करीब पांच बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, खेरी रोड स्थित क्षेत्र में बलविन्दर सिंह द्वारा बिना आवश्यक अनुमति के अवैध प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। शिकायत मिलने पर एमडीडीए की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अवैध रूप से बनाई गई सड़कों तथा अन्य निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने भविष्य में इस तरह की अवैध गतिविधियां करने वालों को कड़ी चेतावनी भी दी।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में बिना स्वीकृति के किए जा रहे किसी भी अवैध निर्माण या प्लॉटिंग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियां शहर के सुनियोजित विकास में बाधा बनती हैं और आम नागरिकों के हितों को भी प्रभावित करती हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भूखंड की खरीद से पहले उसकी वैधानिक स्वीकृति और संबंधित दस्तावेजों की जांच अवश्य करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।
एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण की ओर से नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी अवैध निर्माण या प्लॉटिंग की शिकायत मिलती है, वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लॉटिंग करना नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में ध्वस्तीकरण सहित नियमानुसार अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध निर्माण या प्लॉटिंग की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत एमडीडीए को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
एमडीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





