
नैनीताल। कैंचीधाम क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दूध पिकअप वाहन सड़क से करीब 100 से 150 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे तीन लोगों को गंभीर घायल अवस्था में सकुशल बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 5 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने चौकी कैंचीधाम पुलिस को सूचना दी कि कैंची मंदिर क्षेत्र में केरल ढाबे के पास सड़क से काफी नीचे नदी के समीप किसी वाहन की लाइट दिखाई दे रही है। वाहन के खाई में गिरने की आशंका पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के सहयोग से खाई में सर्च अभियान शुरू किया। इस दौरान दूध का पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 नदी के पास गहरी खाई में गिरा मिला। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे तीन लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया।
घायलों की पहचान अंकित सिंह (33), निवासी हल्द्वानी, वाहन चालक, बॉबी (22), निवासी हल्द्वानी तथा मोहम्मद साकिब (11), निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है।
रेस्क्यू अभियान में चौकी प्रभारी कैंचीधाम उ0नि0 विजय कुमार, अ0उ0नि0 विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे।







