
पंजाब नेशनल बैंक ने आयोजित किया ‘मेगा एग्रीकल्चर आउटरीच प्रोग्राम’, हरिद्वार में 209 किसानों को बांटे 38 करोड़ के ऋण।
हरिद्वार। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) द्वारा शुक्रवार को देशव्यापी ‘मेगा एग्रीकल्चर आउटरीच प्रोग्राम’ का भव्य आयोजन किया गया। इसी कड़ी में हरिद्वार जनपद के विभिन्न विकास खंडों में विशेष कैंप लगाकर किसानों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ा गया और उन्हें करोड़ों रुपये के ऋण स्वीकृत व वितरित किए गए।
इन ब्लॉकों में सजे कार्यक्रम जनपद के बहादराबाद ब्लॉक (आत्मलपुर बोंगला शाखा), लक्सर ब्लॉक (लक्सर शाखा), नारसन ब्लॉक (मंगलौर शाखा) और भगवानपुर ब्लॉक में आयोजित इन कार्यक्रमों में भारी संख्या में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), कृषि यंत्रीकरण, डेयरी, पशुपालन और अन्य कृषि आधारित ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
38 करोड़ रुपये के ऋण वितरित कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि लाभार्थियों को सीधे वित्तीय लाभ पहुँचाना रही। जनपद भर में आयोजित इन कार्यक्रमों में लगभग 209 लाभार्थियों को कुल ₹38 करोड़ के कृषि ऋण स्वीकृत एवं वितरित किए गए, जिससे क्षेत्र की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बड़ा संबल मिलेगा।
अधिकारियों ने सराहा पीएनबी का प्रयास बहादराबाद के खंड विकास अधिकारी (BDO) श्री मानस मित्तल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए पीएनबी के इस कदम की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आउटरीच कार्यक्रमों से गरीब किसानों की आय में वृद्धि होगी और गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
टीम का बढ़ाया उत्साह मंडल प्रमुख श्री रंजन प्रकाश ने सभी ब्लॉकों में व्यक्तिगत रूप से सहभागिता कर टीम का उत्साहवर्धन किया। लीड बैंक ऑफिस (हरिद्वार) के श्री दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि यह अभियान केवल हरिद्वार तक सीमित नहीं है, बल्कि पीएनबी द्वारा पूरे भारत में ग्राम पंचायत स्तर तक चलाया जा रहा है।
कार्यक्रम में सहायक जिला कृषि अधिकारी श्री राजकुमार ने सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। बैंक की ओर से मुख्य प्रबंधक दैछीन पल्मों, श्री अतुल मोहन गुप्ता और श्री गोपाल ने विभिन्न वित्तीय योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।





