
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान सिडकुल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के छह दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मिलकर वाहन चोरी करते थे और चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें पॉलिटेक्निक कॉलेज से आगे झाड़ियों में छिपाकर रखी थीं।
पुलिस के मुताबिक 17 नवंबर 2026 को किरबी चौक पर चेकिंग के दौरान रोशनाबाद की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर बाइक सवारों ने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसल गई और दोनों गिर पड़े। पुलिस टीम ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया।
मोटरसाइकिल के इंजन नंबर, चेसिस नंबर और पंजीकरण विवरण की जांच में वाहन चोरी का पाया गया। इस संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 489/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत पहले से मामला दर्ज था। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पॉलिटेक्निक कॉलेज से आगे झाड़ियों में छिपाई गई पांच अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर पुत्र धीरज पाल, निवासी काला गेट, ब्रह्मपुरी, रावली महदूद, थाना सिडकुल, हरिद्वार तथा कार्तिक पुत्र संजय सिंह, निवासी हरचंदपुर, थाना नागलसोती, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गली नंबर 1, रामधाम कॉलोनी, अंबेडकर चौक, थाना सिडकुल, हरिद्वार के रूप में हुई है।
पुलिस ने कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें सिडकुल थाने के मुकदमा संख्या 489/26, 485/26 और 488/26 से संबंधित तीन वाहन, रानीपुर थाने के मुकदमा संख्या 417/26 और 416/26 से संबंधित दो वाहन तथा बहादराबाद थाने के मुकदमा संख्या 415/26 से संबंधित एक वाहन शामिल है। बरामदगी के आधार पर मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह, उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक अनिल सैनी, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद, कांस्टेबल कुलदीप डिमरी और कांस्टेबल कुलदीप शामिल रहे। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।




