
हल्द्वानी। जिला सूचना अधिकारी नैनीताल गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से सूचना विभाग, मीडिया जगत और विभिन्न सरकारी विभागों में शोक की लहर है। 12 सितंबर की दोपहर हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया था। रविवार को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में परिजनों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
चित्रशिला घाट पर गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार, प्रशासनिक अधिकारियों, पत्रकारों और सूचना विभाग के कर्मचारियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी की अंतिम यात्रा रविवार सुबह करीब 8 बजे बीके पुरम स्थित उनके आवास, रेनबो पब्लिक स्कूल के निकट, बिठोरिया नंबर-1 हल्द्वानी से चित्रशिला घाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। चित्रशिला घाट पहुंचने के बाद परिजनों और उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और अंतिम विदाई दी।
अंत्येष्टि में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, सहायक निर्वाचन अधिकारी नैनीताल हंसादत्त पांडे, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि के.एस. चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट, प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम सहित जनपद के पत्रकार, सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में शोकाकुल परिजन मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए उनके कार्यकाल और सेवाओं को याद किया। सभी ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से सूचना विभाग और स्थानीय मीडिया जगत में गहरा शोक व्याप्त है।

14 सितंबर को होगी शोक सभा
स्वर्गीय जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में 14 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे मीडिया सेंटर हल्द्वानी में शोक सभा आयोजित की जाएगी। इसमें सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद के पत्रकार, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।






