मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में प्रसून जोशी ने शिष्टाचार भेंट की
देहरादून। प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार, कवि और लेखक प्रसून जोशी ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री और प्रसून जोशी के बीच उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, कला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और रचनात्मक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान दिलाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, लोकगीत, लोककला और परंपराएं राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। राज्य सरकार इनके संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने साहित्य, गीत लेखन, सिनेमा और रचनात्मक जगत में प्रसून जोशी के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कला और साहित्य समाज की संवेदनाओं, विचारों और सांस्कृतिक मूल्यों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम हैं। इनके जरिए देश की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।
भेंट के दौरान उत्तराखंड की सांस्कृतिक विशिष्टताओं को संचार एवं प्रसारण के विभिन्न माध्यमों से व्यापक पहचान दिलाने तथा राज्य की लोककला और लोकसंस्कृति को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।







