
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को धरातल पर परखने के लिए मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद वर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण स्थलों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने रोड़ी-बेलवाला, हरकी पैड़ी, ऋषिकुल, रोशनाबाद, कनखल-दक्षद्वीप, बैरागी कैंप और सीसीआर क्षेत्र में चल रहे सड़क, घाट, फुटपाथ, पुल, ड्रग वेयरहाउस एवं सीसीआर-2 भवन सहित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं का जायजा लिया।
मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसलिए सड़क, पुल, पैदल मार्ग, पेयजल, स्वास्थ्य, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने कार्यों की नियमित समीक्षा, स्थलीय निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ धीमी गति वाली परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग व चेन लगाने तथा पैदल आवागमन को सुगम बनाने पर भी जोर दिया गया। निरीक्षण के बाद डाम कोठी में आयोजित बैठक में मुख्य सचिव ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को पर्याप्त मानव संसाधन एवं मशीनरी उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता के अनुसार दिन-रात कार्य कराने के निर्देश दिए।


उन्होंने थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच को सख्ती से लागू करने और कमियां मिलने पर तत्काल सुधार कराने को कहा। मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की सफलता के लिए सभी विभागों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध करानी होंगी। मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं और उनकी प्रगति व गुणवत्ता की निरंतर निगरानी की जा रही है।







