
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सप्तऋषि, हरिद्वार स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक ‘कामधेनुलोक’ गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला द्वारा गौसेवा, गोवंश संरक्षण और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कामधेनुलोक जैसी पहल गौसंरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

गौसेवा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गौ माता का विशेष स्थान है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक जीवन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण आजीविका को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2010 में मात्र 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ अभियान आज व्यापक स्वरूप ले चुका है। संस्था की ओर से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं के माध्यम से 35 हजार से अधिक गोवंश की सेवा और संरक्षण किया जा रहा है। हरिद्वार में भी हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण दिया जा रहा है।
पांच राज्यों में 35 हजार से अधिक गोवंश का संरक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एम्बुलेंस के माध्यम से अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचाया गया है। गोवंश के लिए चिकित्सा, चारे और पौष्टिक आहार की व्यवस्था की जा रही है। संस्था प्रतिदिन 1500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में गौसंरक्षण, देसी नस्लों के संवर्धन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। उत्तराखंड सरकार भी गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख और गौ आधारित आजीविका को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। गौपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। अकेले चमोली जनपद में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इनसे स्थानीय पशुपालकों को बेहतर अवसर मिलने के साथ पर्वतीय क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन और स्वरोजगार को प्रोत्साहन मिल रहा है।

प्रदेश में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को आश्रय
मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश के 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्राम्य गोसेवक योजना पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की गई है। शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निराश्रित गोवंश का संरक्षण महत्वपूर्ण चुनौती है। गौसंरक्षण को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि नवाचारों से जोड़ना जरूरी है। इससे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार देश की आस्था और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। कामधेनुलोक जैसी परियोजनाएं इसकी सांस्कृतिक पहचान को समृद्ध करेंगी। वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ के लिए सड़क, यातायात, नए पुलों, संपर्क मार्गों, सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं और आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की तैयारियां की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का अनुकरणीय मॉडल बनेगी। उन्होंने इस कार्य के लिए श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला से जुड़े संतों, सेवकों, पदाधिकारियों और सहयोगियों को बधाई दी।

संत-महात्मा और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और प्रीतम सिंह पंवार, महामंडलेश्वर स्वामी ईश्वरदास महाराज, स्वामी आत्मानंद महाराज, स्वामी सच्चिदानंद साक्षी जी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी सोमेश्वर दास जी महाराज, स्वामी संजय महंत, हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री नितिन गौतम, आदेश सैनी, ओमप्रकाश जमदग्नि, अजीत चौधरी, श्यामवीर सैनी, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







