
देहरादून। अपने प्राणों की आहुति देकर अखंड भारत का संदेश देने वाले पहलगाम के बलिदानी पर्यटकों को समर्पित पुस्तक “पहलगाम: जब समय थम सा गया” की प्रति लेखक के. एस. चौहान संयुक्त निदेशक सूचना द्वारा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेंट की गई।
इस अवसर पर लेखक के. एस. चौहान संयुक्त निदेशक सूचना ने बताया कि यह पुस्तक पहलगाम की उस दर्दनाक घटना और उसमें अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पर्यटकों की स्मृति को समर्पित है। पुस्तक के माध्यम से न केवल उस घटना की संवेदनशील झलक प्रस्तुत की गई है, बल्कि अखंड भारत की भावना और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के साहित्य समाज को प्रेरित करने के साथ-साथ देशभक्ति की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने बलिदानी पर्यटकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने लेखक के. एस. चौहान संयुक्त निदेशक सूचना के प्रयासों की सराहना की और आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




