
रुद्रप्रयाग। हरेला पर्व के शुभ अवसर पर विकासखंड अगस्त्यमुनि की ग्राम पंचायत सिल्ला के गडनू तोक में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर एवं आसपास विभिन्न प्रजातियों के पर्यावरण हितैषी और फलदार पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम के तहत बांज, रीठा, आंवला, कुरियाल सहित अन्य छायादार एवं उपयोगी पौधे लगाए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए हरित उत्तराखण्ड के निर्माण का संदेश दिया।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सुरेश शाह, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती भुवनेश्वरी, ग्राम पंचायत सिल्ला की प्रधान लता चंद, ग्राम विकास अधिकारी सुरेंद्र कोहली, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी ताजबर लाल, पीएलवी नसरीन (जिला विधिक प्राधिकरण, रुद्रप्रयाग) सहित स्थानीय ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। सभी ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनका संरक्षण करने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।







