
भारत विकास परिषद, संस्कार शाखा, हरिद्वार द्वारा “एक पौधा – एक जीवन” अभियान के अंतर्गत शिवदा गार्डन, निकट रामानन्द इंस्टीट्यूट, गैल ऑफिस के सामने, ज्वालापुर में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय आदेश चौहान, विधायक रानीपुर विधानसभा रहे। उनके आगमन पर शाखा पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। तत्पश्चात माननीय विधायक जी एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष श्री विनय कुमार ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।

मुख्य अतिथि श्री आदेश चौहान जी ने भारत विकास परिषद, संस्कार शाखा, हरिद्वार के इस जनहितकारी एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शाखा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अध्यक्ष विनय कुमार, सचिव श्रीमती शालिनी गुप्ता, कोषाध्यक्ष अमिताभ वत्स सहित भारत विकास परिषद, संस्कार शाखा, हरिद्वार के अनेक सदस्य एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।




