
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने भारतीय रेल के इतिहास में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए जुलाई 2026 में एक ही माह के दौरान 65 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण किया है। यह बरेका का अब तक का सबसे अधिक मासिक उत्पादन है, जिसने मार्च 2025 में बने 61 इंजनों के पिछले रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
रिकॉर्ड उत्पादन के तहत बरेका ने 44 WAG-9HC मालवाहक, 13 WAP-7 यात्री तथा 8 अमृत भारत विद्युत रेल इंजनों का सफलतापूर्वक निर्माण किया। इस उपलब्धि को बरेका की आधुनिक तकनीक, उच्च उत्पादन क्षमता और कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।
स्थापना से अब तक बरेका कुल 11,445 रेल इंजनों का निर्माण कर चुका है, जिनमें 3,109 विद्युत रेल इंजन शामिल हैं। इसके साथ ही “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” अभियान के तहत बरेका ने 11 देशों को 182 रेल इंजनों का निर्यात भी किया है। इनमें मोजाम्बिक, म्यांमार, श्रीलंका, सूडान, तंजानिया, बांग्लादेश, माली, सेनेगल, अंगोला, वियतनाम और मलेशिया शामिल हैं।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता टीमवर्क, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि बरेका वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रेल मंत्रालय द्वारा निर्धारित 468 विद्युत रेल इंजनों के उत्पादन लक्ष्य को समय से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करेगा।
बरेका की यह उपलब्धि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, आत्मनिर्भर भारत अभियान और भारत को वैश्विक रेल विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






