
कांवड़ मेला-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने सार्वजनिक शौचालयों की व्यापक व्यवस्था की है। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नगर क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालयों में यूरिनल (मूत्रालय) का उपयोग पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और इसके लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

नगर निगम के अनुसार मेला क्षेत्र में 180 अस्थायी शौचालयों और 120 एफआरपी (FRP) शौचालयों की स्थापना की गई है। इसके अलावा बैरागी कैंप, पंतद्वीप, जटवाड़ा पुल सहित कांवड़ मार्ग के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं।
मेला क्षेत्र में 300 से अधिक अस्थायी व एफआरपी शौचालय स्थापित, हरकी पैड़ी शौचालय बंद होने के वायरल वीडियो पर नगर निगम ने दी सफाई
श्रद्धालुओं को निःशुल्क यूरिनल सुविधा की जानकारी देने के लिए सभी सार्वजनिक शौचालयों पर स्पष्ट सूचना वाले स्टिकर लगाए गए हैं। यह कार्य संबंधित क्षेत्र के मुख्य सफाई निरीक्षकों के माध्यम से कराया गया है। नगर निगम ने संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि इस व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी श्रद्धालु से यूरिनल उपयोग के लिए शुल्क न लिया जाए।
इस बीच हरकी पैड़ी स्थित सुलभ शौचालय के बंद होने को लेकर सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में प्रसारित खबरों पर भी नगर निगम ने स्थिति स्पष्ट की है। संबंधित एजेंसी के अनुसार जिस समय शौचालय के मुख्य द्वार पर ताला दिखाई दिया, उस समय सफाई कर्मी आवश्यक साफ-सफाई सामग्री लेने गया था। साथ ही शौचालय में आई तकनीकी समस्या के कारण उसे कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से बंद किया गया था। आवश्यक कार्य पूरा होने के बाद शौचालय को पुनः सामान्य रूप से संचालित कर दिया गया।







