
नई दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की नई संगठनात्मक टीम की घोषणा कर दी है। एआईसीसी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी सूची में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल भास्कर को प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मान देने और प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

अनिल भास्कर लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों, जनसरोकारों और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके महासचिव बनने पर समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है तथा उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
एआईसीसी द्वारा जारी सूची में उत्तराखंड के कई अन्य नेताओं को भी संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां दी गई हैं। पार्टी का मानना है कि नई टीम के गठन से प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।
अनिल भास्कर ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।






