
हरिद्वार। हरिद्वार प्रेस क्लब में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी एवं महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और पत्रकारों सहित देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और वंदेमातरम् के जयघोष से प्रेस क्लब परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। इसके पश्चात स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें वरिष्ठ पत्रकारों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों के जीवन, संघर्ष और बलिदान को याद किया।
प्रेस क्लब में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी और महामंत्री सूर्यकांत बेलवाल ने कहा कि देश को आजादी आसानी से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। अंग्रेजी हुकूमत के सामने देश के वीर कभी नहीं झुके। उनके बलिदानों को सदैव याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का धर्म समाज को जागरूक करना और लोकतंत्र को मजबूत बनाना है। शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए पत्रकारों को सत्य, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार आदेश त्यागी एवं सुनील दत्त पांडे ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। मीडिया समाज का दर्पण है और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में गुलशन नय्यर, बालकृष्ण शास्त्री, श्रवण झा, अविक्षित रमन, मुकेश वर्मा, शैलेंद्र ठाकुर, राधिका नागरथ, कुलभूषण शर्मा, अमित गुप्ता, विजेंद्र हर्ष, काशीराम सैनी, रामचंद्र कनौजिया, त्रिलोकचंद भट्ट, ललितेंद्र नाथ, सुभाष कपिल, गोपाल पटवर, दीपक नौटियाल, अमित शर्मा, राजेश शर्मा, सतीश गुजराल, जयपाल सिंह, संजीव शर्मा, रत्नमणि डोबाल, महताब आलम और गीता राजपूत सहित बड़ी संख्या में प्रेस क्लब के पत्रकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन मिठाई वितरण तथा ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ हुआ।




