
नवापारा/राजिम। सरस्वती शिशु मंदिर नवापारा में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व हर्षोल्लास संग मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, ओम व सरस्वती माता के छाया चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। ध्वजारोहण मुख्य अतिथि डॉ. पुनीत गोस्वामी, शिशु रोग विशेषज्ञ, आयुष्मान हॉस्पिटल, कुर्रा ने किया।
तिरंगे झंडे को सलामी दी गई। भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जय हिन्द के नारे से विद्यालय परिसर गूँज उठा। इस अवसर पर श्री राम जानकी शिक्षण समिति के अध्यक्ष विनोद शर्मा, सचिव प्रफुल्ल दुबे, सह सचिव कोमल साहू, अशोक गंगवाल, व्यास नारायण चतुर्वेदी, डॉ. प्रकाश गुप्ता, संजय बंगानी, प्राचार्य गौरीशंकर निर्मलकर, वरिष्ठ शिक्षक नरेश यादव आदि उपस्थित रहे।
उद्बोधन में डॉ. पुनीत गोस्वामी ने कहा, स्वतंत्रता सेनानी वे लोग थे जिन्होंने अपने देश की आज़ादी के लिए नि:स्वार्थ भाव से अपने प्राणों की आहुति दे दी। देश के प्रति प्रेम के लिए उनका सम्मान करते हैं। स्वतंत्रता सेनानियों ने जो बलिदान दिया, उन्होंने जो कष्ट विपरीत परिस्थितियाँ झेलीं, उन्हें शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उनके बाद की पीढ़ियाँ उनके नि:स्वार्थ बलिदान और कड़ी मेहनत के लिए हमेशा उनकी ऋणी रहेंगी।
भारत को आज़ादी दिलाने में कितने वीर सपूतों ने अपनी जान की बाजी लगाई, तब जाकर हम स्वतंत्र हुए। देशभक्ति का भाव हर हिंदुस्तानी में होना चाहिए। प्रफुल्ल दुबे ने कहा, ‘अपनी संस्कृति व सभ्यता बनाए रखना हम सभी की ज़िम्मेदारी है। साहसी, कर्मशील व सक्रिय होकर देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलें।’
विनोद कुमार शर्मा, व्यास नारायण चतुर्वेदी ने सभी को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिए। इस अवसर पर डिगेन्द्र, हर्ष बया, गीतांजली साहू, भाविका, अपूर्वा ध्रुव, चित्रोंत्पला, मुस्कान साहू, निकिता, हेमलता साहू, रिमसा, अंकित साहू, योगेंद्र, भवानी कंसारी, नैनसी हिरवानी, सूर्यांश चंद्रवंशी आदि ने देशभक्ति से पूर्ण गीत, कविता, भाषण की मनमोहक प्रस्तुति दी।
कक्षा बारहवीं बोर्ड में शिक्षा सत्र 2025-26 में प्रथम स्थान प्राप्त नीलेश यादव को व्यास नारायण चतुर्वेदी की ओर से प्रोत्साहन राशि, श्रीफल, शाल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन देवकी, मंजू साहू एवं रेणु कुमार निर्मलकर ने संयुक्त रूप से किया। प्राचार्य गौरीशंकर निर्मलकर ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकगण, पूर्व छात्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षकगणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







