
देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए वन विभाग से जुड़ी भर्ती को लेकर महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। उत्तराखंड सरकार के वन विभाग ने स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर सीधी भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को अधियाचन भेजा है। हालांकि, भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन और आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

मुख्य वन संरक्षक, मानव संसाधन विकास एवं कार्मिक प्रबंधन, उत्तराखंड के कार्यालय की ओर से 28 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में भर्ती संबंधी प्रस्ताव का उल्लेख किया गया है। इसके अनुसार, स्पेशल टाइगर गार्ड के कुल 81 स्वीकृत पदों में से छह पद अग्निवीरों के लिए चिह्नित/आरक्षित रखते हुए शेष 75 पदों को सीधी भर्ती से भरने का प्रस्ताव भेजा गया है।
किस वर्ग के कितने पद?
भेजे गए अधियाचन के अनुसार प्रस्तावित 75 पदों का वर्गवार विवरण इस प्रकार है:
- अनारक्षित वर्ग: 40 पद
- अनुसूचित जाति (SC): 14 पद
- अनुसूचित जनजाति (ST): 3 पद
- अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC): 10 पद
- आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS): 8 पद
इस तरह कुल 75 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव है।
युवाओं को विज्ञापन का इंतजार
वन विभाग की ओर से आयोग को अधियाचन प्रस्ताव के साथ रोस्टर प्रपत्र और संबंधित सेवा नियमावली के दस्तावेज भेजे गए हैं। आयोग की आगे की प्रक्रिया के बाद भर्ती का विज्ञापन जारी होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली अधिसूचना पर नजर रखें। आवेदन की तारीख, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और परीक्षा संबंधी जानकारी आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।





