
उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93 और प्लाटून कमांडर के 81 पद शामिल, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पदों पर भी होगी भर्ती
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस विभाग में विभिन्न पदों पर सीधी भर्ती का रास्ता साफ करने की दिशा में कदम उठाया गया है। पुलिस महानिरीक्षक, कार्मिक की ओर से उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को कुल 198 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन भेजा गया है। इसमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, उप निरीक्षक अभिसूचना, प्लाटून कमांडर और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पद शामिल हैं।


पुलिस महानिरीक्षक, कार्मिक की ओर से अक्टूबर 2026 में जारी पत्र के अनुसार, भर्ती के लिए कुल 198 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93 पद, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19 पद, प्लाटून कमांडर (पीएसी/आईआरबी) के 81 पद और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पद शामिल हैं।
पत्र में संबंधित सेवा नियमावलियों के प्रावधानों के तहत सीधी भर्ती की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए अधियाचन निर्धारित प्रारूप में भेजने का उल्लेख किया गया है। इसके साथ संबंधित सेवा नियमावलियों की छायाप्रतियां भी संलग्न की गई हैं।
भर्ती में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं अभिसूचना के पदों के लिए वर्ष 2018 से 2024 तक लागू विभिन्न सेवा नियमावलियों और उनके संशोधनों का उल्लेख किया गया है। वहीं, प्लाटून कमांडर के पदों के लिए प्रांतीय सशस्त्र पुलिस एवं संबंधित संवर्गों की सेवा नियमावलियों तथा संशोधनों को आधार बनाया गया है। उप निरीक्षक संवर्ग की सीधी भर्ती के लिए वर्ष 2025 की नियमावली और वर्ष 2026 की संशोधित नियमावली का भी उल्लेख पत्र में है।
अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पदों के लिए उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा अधीनस्थ अधिकारी/कर्मचारी सेवा नियमावली-2016 तथा इसके बाद के संशोधनों का संदर्भ दिया गया है।
यह अधियाचन भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हालांकि, भर्ती की विस्तृत विज्ञप्ति, आवेदन की तिथियां, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी आयोग की ओर से जारी होने वाले आधिकारिक विज्ञापन के बाद ही स्पष्ट होगी।
पदों का विवरण
– उप निरीक्षक नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला) — 93 पद
– उप निरीक्षक अभिसूचना (पुरुष/महिला) — 19 पद
– प्लाटून कमांडर (पुरुष), पीएसी/आईआरबी — 81 पद
– अग्निशमन द्वितीय अधिकारी — 5 पद
कुल पद: 198





