
हरिद्वार। सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार और मां गंगा को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने के संकल्प के साथ शुक्रवार, 30 अक्टूबर को हरिद्वार में भव्य दण्डवत यात्रा आयोजित की जाएगी। श्री मिश्री मठ के परमाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक करौली शंकर महाराज के आह्वान पर आयोजित इस यात्रा में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
हरिद्वार से हरकी पैड़ी तक 30 अक्टूबर को निकलेगी यात्रा, देशभर से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना
करौली शंकर महाराज ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक के पश्चात सुबह आठ बजे होगा। इसके बाद श्रद्धालु दण्डवत करते हुए हरकी पैड़ी तक पहुंचेंगे। यात्रा में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन, कनखल से जुड़े श्रद्धालुओं और साधकों के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।
उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार, धर्म के प्रति जागरूकता, राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा आगामी कुंभ मेला 2027 को भव्य एवं दिव्य बनाने की कामना करना है। इसके साथ ही मानव जीवन को नशामुक्त, भयमुक्त और तनावमुक्त बनाने तथा मां गंगा की स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का संकल्प भी लिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे हरकी पैड़ी पर गंगा सेवा अभियान चलाया जाएगा, जिसमें लगभग 10 हजार श्रद्धालुओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है।
संस्था के प्रबंधक डॉ. उमेश सचान ने बताया कि श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गया है। कनखल स्थित नया अखाड़ा उदासीन सहित विभिन्न आश्रमों में उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है। आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए संस्था के करीब एक हजार स्वयंसेवक सहयोग कर रहे हैं।






