चिकित्सा प्रक्रिया का सांकेतिक चित्र
नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली ने चिकित्सा क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के चिकित्सकों ने 25 सप्ताह के गर्भस्थ शिशु की रीढ़ की गंभीर जन्मजात समस्या को ठीक करने के लिए भारत की पहली ओपन फेटल सर्जरी की है। यह जटिल ऑपरेशन 12 नवंबर को किया गया और इसमें करीब छह घंटे लगे।

आकाशवाणी और AIIMS से जुड़ी जानकारी के अनुसार, सर्जरी में लम्बोसैक्रल मायलोमेनिंगोसील नामक गंभीर स्थिति को ठीक किया गया। यह स्पाइना बिफिडा का सबसे गंभीर रूप है, जिसमें रीढ़ की हड्डी और उसे ढकने वाली झिल्लियां रीढ़ में बने खुले हिस्से से बाहर आ जाती हैं।
इस प्रक्रिया की तैयारी पांच सप्ताह से अधिक समय तक चली। इसमें प्रसूति एवं स्त्री रोग, मातृ-भ्रूण चिकित्सा, न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी, रेडियोडायग्नोसिस और नवजात चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के 30 से अधिक चिकित्सकों और नर्सिंग कर्मियों ने भाग लिया। ऑपरेशन के दौरान उच्च क्षमता वाली माइक्रोस्कोपी और अल्ट्रासाउंड तकनीक की सहायता ली गई।
चिकित्सकों के मुताबिक, इस बीमारी से प्रभावित बच्चों में लकवा, हाइड्रोसेफलस और अन्य दीर्घकालिक न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का जोखिम हो सकता है। गर्भ में की गई सर्जरी का उद्देश्य जन्म से पहले ही समस्या को ठीक कर संभावित नुकसान को कम करना है। हालांकि यह प्रक्रिया चुनिंदा मामलों में ही की जाती है।
AIIMS के अनुसार, सर्जरी के बाद मां और गर्भस्थ शिशु की आगे भी विशेषज्ञों की टीम द्वारा निगरानी की जाएगी। यह उपचार केंद्र सरकार की जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (JSSK) के अंतर्गत परिवार को निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।
नोट: खबर में प्रयुक्त तस्वीर चिकित्सा प्रक्रिया का सांकेतिक चित्र है।






