कार्यक्रम का सांकेतिक चित्र
नई दिल्ली। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होकर संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय और भारत सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 246 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य जनजातीय समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, आजीविका, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और सामुदायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में 173 परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाना प्रस्तावित है। इनमें जनजातीय विद्यार्थियों के लिए 38 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत 100 बहुउद्देशीय केंद्र शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 19 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों तथा 12 जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्रों की आधारशिला रखी जाएगी।
इस अवसर पर मिजोरम में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय ‘रोपुइलियानी’ का उद्घाटन भी कार्यक्रम का हिस्सा है। जनजातीय गौरव पखवाड़े का समापन भी 15 नवंबर को हो रहा है। यह पखवाड़ा 1 नवंबर से देशभर में मनाया जा रहा है।
जनजातीय गौरव दिवस का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ देश के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के योगदान को सम्मान देना है।






