
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लेते हुए पत्रकार कल्याण कोष से नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने की संस्तुति की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह की दर से पेंशन दिए जाने की भी संस्तुति की गई।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग पत्रकारों एवं उनके आश्रितों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई कर रहा है। संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके परिवारों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित कर मामलों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जा रहा है।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह तथा समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।




