
नवापारा-राजिम। सरस्वती शिशु मंदिर नवापारा में रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की बालिकाओं ने नगर पालिका, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, आयुष्मान हॉस्पिटल कुर्रा और गोबरा नवापारा पुलिस थाना पहुंचकर रक्षासूत्र बांधा। बालिकाओं ने नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी साहू, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. तेजेंद्र साहू, आयुष्मान हॉस्पिटल के डॉ. पुनीत गोस्वामी तथा गोबरा नवापारा थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे एवं उनकी टीम को राखी बांधी। कन्या भारती प्रमुख सरोज कंसारी ने जानकारी दी कि लगभग 80 बहनों ने लगभग 300 राखियां बनाईं।
इन राखियों की विशेषता यह रही कि बहनों ने इन्हें बाजार से न खरीदकर स्वयं अपने हाथों से चावल, दाल, करायत, मोती और पिस्ता आदि पारंपरिक सामग्रियों से तैयार किया है। इस अवसर पर थाना प्रभारी जितेंद्र दुबे ने कहा कि बेटियों एवं मातृशक्तियों की सुरक्षा के लिए पुलिस जवान सदैव तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की छेड़खानी, दुर्व्यवहार या असुरक्षा का भाव होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें और 112 पर कॉल करें।

बेटियां निर्भीक होकर रहें, कानूनी जानकारी रखें और खूब पढ़ाई कर अपने परिवार, समाज और गुरुजनों का मान बढ़ाएं। वहीं प्राचार्य गौरीशंकर निर्मलकर ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में कौशल विकास के साथ-साथ उनके भीतर सामाजिक समरसता और सद्भाव के उच्च आदर्शों को स्थापित करना है। इसके पश्चात विद्यालय परिसर में भी सामूहिक रक्षाबंधन का आयोजन हुआ।
इस कार्य में वाल्मीकि धीवर, कृष्ण कुमार वर्मा, हुलेश्वरी साहू और ममता साहू का सहयोग रहा। इस दौरान नरेंद्र साहू, दीपक देवांगन, रेणु कुमार निर्मलकर, तामेश्वर साहू, नारायण पटेल, संजय सोनी, मंजू साहू, देवकी साहू, प्रतिभा यादव, मानसी साहू, विभीषण साहू, लोमेश साहू, प्रीति साहू, नम्रता साहू सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।







