
छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया: बड़नगर (मप्र) में कांकेर की ममता साहू ‘साहित्य गौरव’ से सम्मानित
कांकेर, छत्तीसगढ़। मध्यप्रदेश के डॉ. जयकिरण शोध संस्थान ने उत्कृष्ट लेखन और निरंतर साहित्य साधना के लिए छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की कवयित्री, लेखिका एवं शिक्षिका ममता साहू को ‘साहित्य गौरव’ से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर स्थित डॉ. जयकिरण शोध शिक्षण संस्थान की ओर से प्रदान किया गया है। संस्थान की ओर से जारी सम्मान पत्र में ममता साहू की उत्कृष्ट लेखनी और निरंतर साहित्य साधना को ख़ूब सराहा गया है।
सम्मान पत्र में उल्लेख किया गया कि वर्तमान समय में जब मानवता और रिश्ते हाशिए पर जा रहे हैं, ऐसे दौर में साहित्य के माध्यम से समाज निर्माण की दिशा में ममता साहू जी का योगदान अत्यंत सराहनीय है। इस गरिमामयी अवसर पर बड़नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जितेन्द्र उदयसिंह पंड्या, संस्थान के निदेशक नीतेश जोशी, अध्यक्ष सनत जैन, सचिव दिलीप पंचाक्षरी और कोषाध्यक्ष हितेश सोनी ने ममता साहू को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ममता जी के निरंतर साहित्यिक योगदान, सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन तथा उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। ममता साहू को ‘साहित्य गौरव’ सम्मान मिलने पर कांकेर के स्थानीय साहित्यकारों, प्रबुद्ध जनों व गणमान्य नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें ढेर सारी बधाईयाँ और शुभकामनाएं दी हैं।
उल्लेखनीय है कि ममता साहू इसके पूर्व भी कई सम्मानों से सम्मानित हो चुकी हैं, जिनमें श्रेष्ठ रचना शिल्पी सम्मान 2026, हिंदी सेवा भारती सम्मान, वैदिक प्रकाशन अविरल वक्ता सम्मान 2025-26, नारी शक्ति सम्मान 2026, श्रमण शिक्षक सम्मान 2025, साहित्य भागीरथ सम्मान 2025, राष्ट्रीय काव्य अमृत सम्मान 2025, राष्ट्रीय काव्य प्रभा सम्मान 2025, साप्ताहिक अनमोल रत्न सम्मान, अविरल साहित्य रत्न सम्मान और रामानुज साहित्य सम्मान 2025 शामिल हैं।







