
चम्पावत। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। जिला चिकित्सालय चम्पावत में पहली बार ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की सुविधा शुरू हो गई है। इसके शुरू होने से अब मरीजों को आवश्यकता के अनुसार रक्त के विभिन्न घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को उपचार के लिए अन्य बड़े स्वास्थ्य केंद्रों पर निर्भरता कम होगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ के विजन के अनुरूप जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस सुविधा से मरीजों को बेहतर, सुलभ और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का संचालन शुरू होना चम्पावत की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जरूरतमंद मरीजों को रक्त के आवश्यक घटक अब समय पर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे। दुर्घटना में घायल मरीजों, गंभीर रोगियों, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव से जूझने वाली महिलाओं और प्लेटलेट्स की आवश्यकता वाले मरीजों को इसका विशेष लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन प्रक्रिया के माध्यम से दान किए गए रक्त को उसके प्रमुख घटकों रेड ब्लड सेल्स, प्लाज्मा और प्लेटलेट्स में अलग किया जा सकता है। इसके बाद मरीज की चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार संबंधित रक्त घटक उपलब्ध कराया जाता है। इससे एक यूनिट रक्त का अधिक प्रभावी और आवश्यकता आधारित उपयोग संभव होता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि जिले में पहली बार यह सुविधा उपलब्ध होना स्वास्थ्य विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यूनिट के संचालन से मरीजों को आवश्यकता के अनुरूप रक्त घटक उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। साथ ही गंभीर मरीजों के उपचार में समय की बचत होगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की शुरुआत से चम्पावत जिले में रक्त संबंधी उपचार सुविधाओं को नई मजबूती मिली है। यह सुविधा मरीजों और उनके परिजनों के लिए राहत के साथ ही जिले में आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।







