निर्माण एवं अवसंरचना उपकरणों का फाइल फोटो।
नई दिल्ली। निर्माण एवं अवसंरचना क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक मशीनों का देश में उत्पादन बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने 11,000 करोड़ रुपये की CIE योजना मंजूर की है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 25 नवंबर को इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई।
योजना को भारी उद्योग मंत्रालय लागू करेगा। इसका उद्देश्य निर्माण एवं अवसंरचना उपकरणों और उनके कलपुर्जों के देश में उत्पादन को प्रोत्साहित करना तथा एक समर्पित परीक्षण सुविधा स्थापित करना है। सरकार के अनुसार भारत का CIE उद्योग वित्त वर्ष 2024-25 में करीब 97,500 करोड़ रुपये के बाजार आकार के साथ दुनिया का तीसरा बड़ा उद्योग था।
आठ वर्ष में लागू होगी योजना
योजना की अवधि वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक आठ वर्ष रखी गई है। पहले दो वर्ष विनिर्माण सुविधाएं स्थापित करने के लिए होंगे। इसके बाद वित्त वर्ष 2028-29 से 2032-33 तक पांच वर्ष प्रोत्साहन दिए जाएंगे और अंतिम वर्ष में प्रोत्साहन से जुड़े निपटान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पात्र मूल उपकरण निर्माताओं और कलपुर्जा निर्माताओं को अतिरिक्त बिक्री मूल्य के आधार पर पांच वर्ष तक 13 प्रतिशत से 8 प्रतिशत की श्रेणीबद्ध प्रोत्साहन दर मिलेगी। समर्पित CIE परीक्षण सुविधा स्थापित करने के लिए 375 करोड़ रुपये तक का अनुदान भी प्रस्तावित है।
किन उपकरणों पर रहेगा फोकस
- शिप-टू-शोर क्रेन और अन्य भारी क्रेन
- टनल बोरिंग मशीनें और हाइड्रोलिक एक्सकेवेटर
- ऑफ-हाईवे ट्रक, लोडर और ड्रिलिंग मशीनें
- इंजन, ट्रांसमिशन, हाइड्रोलिक सिस्टम और अंडरकैरिज जैसे कलपुर्जे
सरकार का अनुमान है कि सड़क, बंदरगाह और आवास निर्माण में वृद्धि के साथ CIE उद्योग का बाजार आकार वित्त वर्ष 2029-30 तक लगभग 2.28 लाख करोड़ रुपये हो सकता है। योजना का उद्देश्य आयात पर निर्भरता घटाना, घरेलू आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करना और विनिर्माण क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाना है।






