नैनीताल पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मंजुनाथ टीसी
नैनीताल। नैनीताल पुलिस में मंजुनाथ टीसी के एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण, त्वरित खुलासों और नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस ने अपनी उपलब्धियों का विवरण जारी किया है। पुलिस के मुताबिक कई गंभीर मामलों में छह से 48 घंटे के भीतर खुलासा या गिरफ्तारी की गई। वहीं एनडीपीएस एक्ट के तहत 150 अभियोग दर्ज कर 184 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और करीब 10 करोड़ 93 लाख रुपये कीमत के मादक पदार्थ बरामद किए गए।
छह से 48 घंटे के भीतर कई मामलों का खुलासा
पुलिस की ओर से जारी विवरण के अनुसार हल्द्वानी की बड़ी मंडी में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का छह घंटे में खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वल्दियाखान क्षेत्र में महिला पर्यटक के साथ दुष्कर्म के प्रयास, लूट और मारपीट के आरोपी टैक्सी चालक को 10 घंटे में गिरफ्तार किया गया। कालाढूंगी में ट्रैक्टर से कार सवार को कुचलने का प्रयास करने के मामले में आरोपी को 12 घंटे के भीतर ट्रैक्टर सहित पकड़ा गया।
हल्द्वानी के जज फार्म गोलीकांड और हत्या के मामले में 24 घंटे के भीतर पार्षद को गिरफ्तार कर गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल भेजा गया। मुखानी में बुजुर्ग महिला से झपटमारी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार कर सोने के कुंडल बरामद किए गए। मुखानी क्षेत्र में कार्यालय से चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर 3 लाख 17 हजार 500 रुपये नकद और दस्तावेज बरामद किए गए।
मुखानी के चर्चित राधिका ज्वैलर्स चोरी प्रकरण में 48 घंटे के भीतर मकसूद समेत तीन आरोपियों को बनबसा से गिरफ्तार कर करीब 22 लाख रुपये का सोना बरामद किया गया। लालकुआं में 35 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषणों की तीन चोरियों का भी खुलासा किया गया।
अन्य प्रमुख कार्रवाई और खुलासे
- गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा कर नौ आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस के अनुसार सात तमंचे, 19 कारतूस, तीन वाहन और लूटी गई 2 लाख 39 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई।
- रामनगर के एक रिजॉर्ट में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ कर 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
- भवाली में प्रभावशाली व्यक्ति से जुड़े सेक्सटॉर्शन मामले का पर्दाफाश किया गया।
- रामनगर में नवविवाहिता की दहेज हत्या के मामले में पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार किया गया।
- रामनगर में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए।
- गौला पार में करोड़ों रुपये के आईपीएल सट्टा गिरोह का पर्दाफाश कर एक घंटे में तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया गया।
- मुखानी की दो चोरियों का खुलासा कर अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार नौ लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद हुई।
- अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में ईवीसीएल क्रिकेट लीग धोखाधड़ी के मामले में 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोपी को गिरफ्तार कर बैंक खाते फ्रीज कराए गए।
- अधिक ब्याज और गारंटी का झांसा देकर करीब 6.7 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार किए गए।
- रामनगर में घर और रिजॉर्ट की दो चोरियों का खुलासा कर 30 लाख रुपये से अधिक के सोने के आभूषण और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
इसके अलावा रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में फेस-1 और फेस-2 में कार्रवाई कर अवैध अतिक्रमण ध्वस्त किया गया।
912 खोए मोबाइल फोन बरामद कर लौटाए
जनसेवा के तहत नैनीताल पुलिस ने 80 लाख रुपये से अधिक कीमत के 912 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस किए।
नशा तस्करी के खिलाफ 150 मुकदमे, 184 गिरफ्तार
पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 28 अक्टूबर 2025 से 25 नवंबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 150 अभियोग पंजीकृत किए गए और 184 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ 93 लाख रुपये बताई गई है।
- चरस: 25 किलो 846 ग्राम, कीमत लगभग 51.60 लाख रुपये।
- स्मैक: 3 किलो 24 ग्राम 675 मिलीग्राम, कीमत लगभग 9.72 करोड़ रुपये।
- गांजा: 179 किलो 215 ग्राम, कीमत लगभग 44.80 लाख रुपये।
- डोडा: 34 किलो 799 ग्राम, कीमत लगभग 1.74 लाख रुपये।
- नशीले कैप्सूल एवं गोलियां: 1,422, कीमत लगभग 71,100 रुपये।
- नशीले इंजेक्शन: 2,325, कीमत लगभग 1.16 लाख रुपये।
पुलिस के अनुसार अपराधों के त्वरित खुलासे, नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं। कैंची धाम में चुनौतीपूर्ण मेले का आयोजन भी पुलिस ने सुगमता से संपन्न कराया, जिसकी आमजनमानस ने सराहना की।
नोट: यह समाचार नैनीताल पुलिस द्वारा जारी उपलब्धियों के विवरण पर आधारित है।






