डॉ. सुशीला तिवारी मेमोरियल अस्पताल, हल्द्वानी का फाइल फोटो।
हल्द्वानी। कुमाऊं के प्रमुख सरकारी अस्पताल डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में गुरुवार 26 नवंबर को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने औचक निरीक्षण किया। गंदे बेड, सफाई की कमी और खराब रैन बसेरा देखकर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बाल रोग, महिला, गायनी, जनरल मेडिसिन और सर्जरी सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से बातचीत कर उपचार तथा उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। कई बेड गंदे मिले और कुछ व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं थीं। रैन बसेरे में भी टूटे शीशे और सफाई की कमी पाई गई।
मरीजों को बाहर से दवा खरीदने के लिए पर्चे न दें
डीएम ने निर्देश दिए कि मरीजों को जेनेरिक दवाएं लिखी जाएं और अस्पताल में उपलब्ध दवाओं से ही उपचार सुनिश्चित किया जाए। मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदने के लिए अनावश्यक पर्चे न दिए जाएं, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। सर्दी को देखते हुए वार्डों में हीटर, रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाएं दुरुस्त रखने तथा नमी वाले कमरों की स्थिति सुधारने को भी कहा गया।
सफाई में लापरवाही पर ठेकेदार को चेतावनी
शौचालयों, बाथरूम और फर्श की सफाई निर्धारित मानकों के अनुसार कराने के निर्देश दिए गए। सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर आउटसोर्स ठेकेदार का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई। शासन के निर्देशों के अनुपालन की जांच के लिए जल्द टीम से निरीक्षण कराने की बात भी कही गई।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय आर्य और अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी मौजूद रहे। अस्पताल प्रशासन को मरीजों की गरिमा, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।






