पौड़ी गढ़वाल। जनपद के उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों और औद्योगिक इकाइयों को अपने व्यवसाय के विस्तार तथा निवेश की संभावनाएं तलाशने के लिए महत्वपूर्ण मंच मिलने जा रहा है। जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार की ओर से 21 से 23 नवंबर 2026 तक परमार्थ निकेतन घाट, स्वर्गाश्रम, यमकेश्वर में ‘देवभूमि पिचाथॉन-2026’ आयोजित किया जाएगा। इच्छुक उद्यमियों को इसमें प्रतिभाग करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
आयोजन में प्रतिभागियों को अपने व्यावसायिक विचारों, नवाचारों और उत्पादों को सीधे निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। यह मंच विशेष रूप से उन उद्यमियों और स्टार्टअप के लिए उपयोगी होगा, जो व्यवसाय का विस्तार करना, उत्पादन क्षमता बढ़ाना, परिचालन व्यवस्था बेहतर बनाना अथवा अपने उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचाना चाहते हैं।
इसके माध्यम से उद्यमियों को संभावित निवेशकों से संवाद स्थापित करने, वित्तपोषण के अवसर तलाशने और अपने व्यावसायिक प्रस्तावों को नई दिशा देने का अवसर मिलेगा। आयोजन में पंजाब एंजेल्स नेटवर्क सहयोगी के रूप में निवेशकों और संभावनाशील उद्यमों के बीच संपर्क स्थापित करने में सहयोग करेगा।
मेंटरिंग पार्टनर मेंटरएक्स के विशेषज्ञ उद्यमियों को व्यावसायिक प्रस्ताव तैयार करने, उन्हें प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने और निवेश के लिए आवश्यक तैयारियों के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। पिचाथॉन के दौरान प्रतिभागियों को निवेशकों के समक्ष बिजनेस पिच प्रस्तुत करने, वेंचर कैपिटल एवं अन्य वित्तपोषण विकल्पों की जानकारी प्राप्त करने, विशेषज्ञों से परामर्श लेने तथा उद्योग जगत के प्रमुख व्यक्तियों के साथ संपर्क विकसित करने का अवसर मिलेगा।
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने जनपद के इच्छुक उद्यमियों, स्टार्टअप संस्थापकों एवं औद्योगिक इकाइयों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच उद्यमियों को अपने नवाचारों और व्यावसायिक संभावनाओं को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने तथा व्यवसाय को आगे बढ़ाने के नए रास्ते तलाशने में मददगार साबित हो सकते हैं।
इच्छुक उद्यमी एवं औद्योगिक इकाइयां पंजीकरण तथा पिचिंग के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.udyamgrowth.com पर आवेदन कर सकते हैं। जिला उद्योग केंद्र ने अधिक से अधिक उद्यमियों से प्रतिभाग कर उत्तराखंड के उभरते उद्यमशीलता एवं स्टार्टअप परिवेश को मजबूत बनाने में सहभागी बनने की अपील की है।




