घटना पर आधारित सांकेतिक चित्र
गया। बिहार के गया जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में 22 वर्षीय युवती को गांजे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से 12 किलो 756 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 6 लाख 37 हजार 800 रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत गया जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ट्रेन संख्या 03639 धनबाद-शकूरबस्ती एक्सप्रेस के जनरल कोच में जांच के दौरान युवती को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके झोले से गांजे के 12 बंडल बरामद हुए।
गिरफ्तार युवती की पहचान छोटी कुमारी (22) के रूप में हुई है। वह बिहार के रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के सोनाडीह गांव की रहने वाली बताई गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह ओडिशा के संबलपुर से गांजा लेकर बिहार के सासाराम जा रही थी।
मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी)(ii)(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
नोट: खबर में प्रयुक्त तस्वीर घटना का सांकेतिक चित्र है।






